mondiad

Wednesday, 3 May 2023

Some important question-answers related to Radio Practical and VivaVoce

रेडियो प्रैक्टिकल और वायवा से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण प्रश्न-उत्तर



रेडियो के विभिन्न प्रोग्राम क्या कहलाते हैं? (फॉर्मेट)
• रेडियो प्रोग्राम किस आधार पर तय होते है? (ऑडियंस की जरूरतों के आधार पर)
• रेडियो एनाउंसर को कमर्शियल रेडियो चैनल पर क्या कहा जाता है? (रेडियो जॉकी या एंकर पर्सन) #radiojockey
• जो भी रेडियो के लिए लिखा जाता है, उसे क्या कहते हैं? (स्पोकन वर्ड्स और स्क्रिप्ट)
• किसी रेडियो प्रोग्राम के तीन पार्ट या अंग क्या होते हैं? (1– स्पोकन वर्ड्स, 2– म्यूजिक, 3– साउंड इफेक्ट)
• स्पोकन वर्ड्स में क्या शामिल है? (अनाउंसमेंट, रेडियो टॉक, इंटरव्यू, डिस्कशन, डॉक्यूमेंट्री, ड्रामा, रनिंग कमेंट्री, मैगजीन प्रोग्राम, न्यूज आदि)
• सबसे पुराना रेडियो फॉर्मेट (प्रोग्राम) कौन सा है? (रेडियो टॉक) #Radiotalk
• रेडियो टॉक में क्या होता है? (कोई विशेषज्ञ किसी विषय पर 10–15 मिनट तक बोलते हैं।)
• वास्तविक लोगों और मुद्दों पर बनी फिल्म क्या कहलाती है? (डॉक्यूमेंट्री)
• इंटरव्यू फॉर्मेट में vox pop वॉक्स पॉप क्या है? (बजट या अन्य किसी विषय पर आम लोगों की राय लेने के लिए उनसे किए जाने वाले 1–2 प्रश्न)
• रेडियो डॉक्यूमेंट्री का दूसरा नाम क्या है? (रेडियो फीचर) #radiodocumentry
• मैगजीन प्रोग्राम क्या होते हैं? (प्रिंट मीडिया की पत्रिका की तरह ये प्रोग्राम एक निश्चित समय पर, निश्चित दिन या हफ्ते या महीने में आते हैं। मैगजीन की तरह इनका कोई नाम होता है और ये स्पेशल ऑडियंस के लिए होते हैं, जैसे किसानों, महिलाओं, युवाओं आदि के लिए। इनकी एक सिग्नेचर ट्यून भी होती है। उदाहरण– युववाणी, कृषि दर्शन आदि) #magzine_program
• मैगजीन प्रोग्राम का दूसरा नाम क्या है? (स्पेशल ऑडियंस प्रोग्राम)
• रेडियो डिस्कशन (परिचर्चा) को संचालित करने वाला क्या कहलाता है? (मॉडरेटर)
• रेडियो के IT आधारित फॉर्मेट बताएं। (फोन–इन, रेडियो ब्रिज, रेडियो इंटरनेट)
• फोन–इन प्रोग्राम क्या होता है? (इसमें प्रस्तोता सीधे फोन पर श्रोता से बात करता है। इसके लिए पहले से फोन नंबर और समय बताया जाता है। लोगों की समस्याएं, सुझाव, अनुरोध आदि जानने के लिए इसका प्रयोग होता है। बाकी श्रोता भी इस बातचीत को सुनते हैं।) #phone_In
• फोन–इन प्रोग्राम का दूसरा नाम क्या है? (इंटरेक्टिव प्रोग्रामिंग)
• रेडियो ब्रिज क्या है? (इसमें कई या सारे रेडियो स्टेशन आपस में जुड़ जाते हैं और अलग–अलग स्टूडियो में बैठे व्यक्ति आपस में संवाद कर लेते हैं।) #radiobridge
• ऑल इंडिया रेडियो ने इंटरनेट पर अपनी सेवा कब शुरू की? (1 मई 1998) #AllIndiaRadio
• एएम और एफएम ब्रॉडकास्टिंग में एएम और एफएम का पूरा नाम क्या है? (एम्प्लीट्यूड मॉड्यूलेशन और फ्रीक्वेंसी मॉड्यूलेशन) #AM #FM
• सभी मीडिया के बीच रेडियो की सबसे खास विशेषताएं क्या हैं? (सबसे तेज है, सरल है, सस्ता है, बिजली की जरूरत नहीं, रसोई-ड्राइंगरूम कहीं भी सुन सकते हैं, श्रोता के लिए शिक्षित होना जरूरी नहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में खबर और मनोरंजन का प्रमुख जरिया है)
• कम्युनिटी (सामुदायिक) रेडियो क्या है? (सामुदायिक रेडियो स्टेशन, भौगोलिक समुदायों और उन समुदायों की सेवा करते हैं जिनके हितों के लिए वे स्थापित किये जाते हैं। इनके स्टेशन उन समुदायों द्वारा ही संचालित, स्वामित्व और प्रभावित होते हैं। ये आम तौर पर गैर-लाभकारी होते हैं और व्यक्तियों, समूहों और समुदायों को अपनी कहानियां बताने, अनुभव साझा करने और मीडिया के निर्माता और योगदानकर्ता बनने के लिए सक्षम बनाने का तंत्र प्रदान करते हैं। #communityradio
• भारत में कम्युनिटी रेडियो की शुरुआत कब हुई? (दिसंबर 2002 में सरकार ने आईआईटी/आईआईएम सहित अच्छी तरह से स्थापित शैक्षणिक संस्थानों को सामुदायिक रेडियो स्टेशनों की मंजूरी दी। 2006 में यह मंजूरी एनजीओ और नागरिक संगठनों को भी मिल गई।)
• भारत का पहला कम्यूनिटी रेडियो कब शुरू हुआ? (1 फरवरी 2004 को, अन्ना विश्वविद्यालय के छात्रों द्वारा स्थापित अन्ना एफएम भारत का पहला कम्युनिटी रेडियो बना।
• एनजीओ द्वारा संचालित भारत का पहला कम्युनिटी रेडियो कौन था? (यह ‘संघम रेडियो’ था जिसे 2008 में आंध्र प्रदेश के मेडक जिले के पास्तापुर गांव से डेक्कन डेवलपमेंट सोसायटी ने शुरू किया था।)
• इस समय भारत में किसने कम्युनिटी रेडियो स्टेशन हैं? (262)
• सूचना प्रसारण मंत्रालय द्वारा प्रचारित Edaa क्या है? (Edaa का अर्थ है ‘एक दुनिया अनेक आवाज़’। 2008 में लांच यह दक्षिण एशिया में सामुदायिक रेडियो प्रैक्टिशनर्स के लिए एक ऑडियो और ज्ञान विनिमय पोर्टल है।
• भारत में रेडियो प्रसारण कब शुरू हुआ? (1923 में बॉम्बे प्रेसीडेंसी रेडियो क्लब द्वारा। हालांकि बॉम्बे और कलकत्ता रेडियो स्टेशन द्वारा प्रसारण क्रमशः जुलाई 1927 और अगस्त 1927 में शुरू हुआ।)
• ऑल इंडिया रेडियो कब अस्तित्व में आया? (8 जून 1936)
• ऑल इंडिया रेडियो का 1936 से पहले क्या नाम था? (इंडियन ब्रॉडकास्टिंग कंपनी लिमिटेड यानी आईबीसी)
• ऑल इंडिया रेडियो का नाम आकाशवाणी कब हुआ? (1956 में)
• आजादी के समय भारत में कितने रेडियो स्टेशन थे? (छह- दिल्ली, बॉम्बे, कलकत्ता, मद्रास, तिरुचिरापल्ली और लखनऊ)
• भारत में एफएम रेडियो की शुरुआत कब हुई? (जुलाई 1977 में मद्रास (चेन्नई) में) #fmradio
• ऑल इंडिया रेडियो किस मायने में दुनिया में नंबर एक है? (यह दुनिया का सबसे बड़ा रेडियो नेटवर्क है। इसी के साथ विभिन्न भाषाओं में प्रसारण के मामले में भी यह सबसे बड़ा प्रसारण संस्थान है।)
• भारत में रेडियो में निजी क्षेत्र का प्रवेश कब हुआ? (2001 में)
• भारत का पहला निजी एफएम रेडियो स्टेशन कौन सा है? (रेडियो सिटी बेंगलुरू, जो जुलाई 2001 में शुरू हुआ।)
• भारत में कुछ प्रमुख निजी रेडियो दिग्गजों के नाम बताइए। (रेडियो मिर्ची चलाने वाला एंटरटेनमेंट नेटवर्क इंडिया लिमिटेड, बिग एफएम 92.7 चलाने वाला जागरण प्रकाशन समूह, रेडियो सिटी का संचालक म्यूजिक ब्रॉडकास्ट लिमिटेड, माई एफएम का संचालक डीबी कॉर्प समूह और रेड एफएम का संचालक सन नेटवर्क)
• वॉयस मॉड्यूलेशन क्या है? (वॉयस मॉड्यूलेशन का सामान्य अर्थ है- आवाज का उतार-चढ़ाव। यह बातचीत की आवश्यकताओं के अनुरूप आवाज के नियंत्रण और समायोजन की प्रक्रिया है। यह वो प्रक्रिया है जिसमें आप कभी जोर से, कभी नरम, तेज या धीमी, नाटकीय या भावनात्मक आवाज को चुनते हैं।) #voicemodulation
• रेडियो जिंगल क्या होता है? (रेडियो जिंगल एक आकर्षक, मिठबोला और यादगार ऑडियो पीस होता है, जिसे विशेष रूप से विज्ञापनों के लिए उपयोग किया जाता है। इसे किसी फीचर, व्यक्ति, उत्पाद या शो से परिचय कराने के लिए भी प्रयोग किया जाता है। इसकी लंबाई 10 से 30 सेकेंड की होती है। जिंगल्स छोटे गाने या आकर्षक संगीतमय व्यंजन हैं। जिंगल का उद्देश्य श्रोता का ध्यान आकर्षित करना और किसी उत्पाद या सेवा के बारे में एक उत्साहित छवि पेश करना है।) #radiojingle
• पॉडकास्ट क्या है? (कोई भी कंटेंट जो ऑडियो फॉर्म में होता है उसे हम पॉडकास्ट कहते है। लेख टेक्स्ट फॉर्म में होता है। अगर उसी लेख को अपनी आवाज में रिकॉर्ड करके चलाया जाए तो वह पॉडकास्ट कहलायेगा। पॉडकास्ट दो शब्दों से मिलकर बना है- प्लेयेबल आन डिमांड (POD) तथा ब्रॉडकास्ट जिसका सीधा अर्थ है ऑडियो संचिका। जब किसी डिवाइस, कंप्यूटर या स्मार्टफोन से किसी जानकारी की ऑडियो फॉर्म को प्ले किया जाता है तो उसे पॉडकास्टिंग कहते हैं।) #podcast #Podcasting
• एक अच्छे रेडियो प्रेजेंटर में क्या गुण होने चाहिए? (स्पष्ट और आत्मविश्वास से बोलने में सक्षम, करंट अफेयर्स का ज्ञान, ऊर्जावान और सकारात्मक, अपने श्रोताओं की जानकारी रखने वाला, सोशल मीडिया का जानकार, प्रमाणिक बने यानी अपने व्यक्तित्व को रेडियो पर बदले नहीं, श्रोताओं से मित्र की तरह बात करे, श्रोताओं से व्यक्ति की तरह बात करे, शांत रहने वाला, शोधार्थी, स्किप्ट का पूर्वाभ्यास करे, पूर्वाग्रह न पाले, काम की प्राथमिकता तय करे, लोगों के साथ हंसना सीखे, पेशेवर और समय का पाबंद, साथी प्रस्तोताओं को बढ़ावा दे।) #radiopresenter
• जब रेडियो पर्सनैलिटी / डीजे किसी विज्ञापन को लाइव ऑन एयर पढ़ता है तो उसे क्या कहते हैं? (रेडियो लाइव रीड)
• रेडियो में समाचार लेखन किस रूप में होता है? (डायमंडाकार रूप में)
• रेडियो में एक समाचार कितने शब्दों का होता है? (30-40 शब्द)
• रेडियो पर 10 मिनट के समाचार बुलेटिन में करीब कितने समाचार होते हैं? (10-12) #RadioNews
• रेडियो स्टेशन पर प्रोग्राम की रिहर्सल के लिए बने अलग कमरे क्या कहलाते हैं? (रीडर ओवर रूम ROR)
• ओबी प्रोग्राम का क्या अर्थ है? (ओबी का अर्थ है आउटडोर ब्रॉडकास्टिंग। इसमें स्टूडियो के बाहर से किए जा रहे सीधे प्रसारण और बाहर रिकार्ड किए गए कार्यक्रम शामिल होते हैं।) #OBProgram

- लव कुमार सिंह

कृपया मेरे ब्लॉग को फॉलो, शेयर करें...


No comments:

Post a Comment

What do you mean by Jargon? शब्दजाल से आप क्या समझते हैं?

What do you mean by Jargon? शब्दजाल से आप क्या समझते हैं? (सीसीएसयू  बीएजेएमसी, मास मीडिया राइटिंग स्किल्स के  2022 के पेपर में आया 3 अंकों ...